भारी बारिश से मुंबई में लैंडस्लाइड, घर धराशायी – कोई हताहत नहीं


23 July 2025
मुंबई,मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते मंगलवार को एक भयानक घटना सामने आई। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ है जिसमें कुछ घर और दीवारें कुछ ही सेकंड में जमीन पर ढहते हुए दिखाई दे रही हैं। यह हादसा भांडुप के खिंडीपाड़ा इलाके में स्थित ओमेगा हाई स्कूल के पीछे शाम 7 बजे हुआ।
प्रशासन को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, राहत व बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया। मलबा हटाया गया और आसपास के अन्य घरों को एहतियातन खाली करा लिया गया, ताकि भविष्य में कोई और हादसा न हो। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने हाई टाइड (ज्वार) को लेकर अलर्ट जारी किया है। वहीं, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों तक और बारिश होने की संभावना जताई है। इसके चलते ट्रैफिक पर असर पड़ सकता है और कुछ सबवे भी बंद किए जा सकते हैं।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे भारी बारिश के दौरान सतर्क रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।



