मुंबई भाजपा की कमान अमित साटम को सौंपी गई, बीएमसी चुनाव से पहले बड़ा फैसला


25 August 2025
मुंबई,बीएमसी चुनाव से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए अंधेरी (पश्चिम) से विधायक अमित साटम को मुंबई भाजपा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद विधायक साटम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे मुंबई के विकास और नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
साटम ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य मुंबई में महायुति का महापौर बैठाना है और इसके लिए पार्टी कार्यकर्ता हर घर तक पहुंचकर लोगों का विश्वास जीतेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स, परिवहन, आवास और नागरिकों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेंगे।
उन्होंने बताया कि 2014 के बाद से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में मुंबई में कोस्टल रोड, अटल सेतु, मेट्रो नेटवर्क, नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और सीसीटीवी निगरानी जैसी परियोजनाओं से शहर को नई दिशा मिली है। साथ ही झोपड़पट्टीवासियों को 2011 तक घर देने और निम्न व मध्यम वर्ग के लिए आवास उपलब्ध कराने की योजनाओं पर भी तेजी से काम हुआ है।
भ्रष्टाचार पर कड़ा रुख अपनाते हुए साटम ने कहा कि 1997 से 2022 तक बीएमसी में हुए 3 लाख करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार का भाजपा पर्दाफाश करेगी और मुंबईकरों को पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन उपलब्ध कराया जाएगा।
साटम ने जोर देकर कहा कि भाजपा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण और देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में, मुंबई को विकासोन्मुख और भ्रष्टाचारमुक्त बनाने की दिशा में आगे बढ़ेगी।



