top of page

भिवंडी (पूर्व) के उम्मीदवार रईस शेख ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से की मुलाकात, कपड़ा उद्योग और पावरलूम पर हुई चर्चा

  • Writer: MimTimes मिम टाइम्स  م ٹائمز
    MimTimes मिम टाइम्स م ٹائمز
  • Nov 10, 2024
  • 1 min read

मुंबई,वर्तमान में चल रहे विधानसभा चुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी के विधायक और महाविकास आघाडी (मविआ) के भिवंडी (पूर्व) के उम्मीदवार रईस शेख ने शनिवार को मुंबई में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री रेड्डी ने रईस शेख को भिवंडी (पूर्व) विधानसभा चुनाव में सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं।

इस मुलाकात पर चर्चा करते हुए विधायक रईस शेख ने बताया कि उन्होंने कपड़ा उद्योग और पावरलूम उद्योग सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भिवंडी महानगरपालिका के स्कूलों के पुनर्विकास, वस्त्र उद्योग के विकास, और पावरलूम उद्योग को विभिन्न प्रकार की रियायतें देने के प्रयासों के बारे में भी मुख्यमंत्री को जानकारी दी। इस दौरान भिवंडी में बड़ी संख्या में बसे पद्मशाली बुनकर समुदाय के योगदान पर भी चर्चा की गई, जो कपड़ा उद्योग में अपनी विशिष्ट कुशलता के लिए जाने जाते हैं।

रईस शेख ने आगे बताया कि भिवंडी में लगभग एक लाख तेलुगू भाषी नागरिक रहते हैं, जिनमें से अधिकांश कपड़ा उद्योग में सक्रिय हैं। भिवंडी के पद्मशाली समाज ने कपड़ा बुनाई में निपुणता के कारण भिवंडी के विकास और स्थानीय पावरलूम उद्योग के उन्नति में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

bottom of page