top of page

साइन कोलीवाड़ा में कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने गनेश यादव की चुनावी रैली को किया संबोधित, भाजपा-शिंदे-फडणवीस पर साधा निशाना

  • Writer: MimTimes मिम टाइम्स  م ٹائمز
    MimTimes मिम टाइम्स م ٹائمز
  • Nov 13, 2024
  • 2 min read

November 13/2024


मुंबई , साइन कोलीवाड़ा इलाके में कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने गनेश यादव की चुनावी रैली को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। इस रैली में कांग्रेस के पूर्व कार्पोरेटर सूफियान वनु, कचरू यादव सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद थे। कन्हैया कुमार ने अपने संबोधन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), मुख्यमंत्री शिंदे, और उपमुख्यमंत्री अजीत पवार पर तीखे प्रहार किए।

उन्होंने कहा, "महाराष्ट्र का चुनाव जमीन, घर, कॉलोनी और अपने सम्मान को बचाने का चुनाव है। जहां ईवीएम हैक होता है, वहीं यहां के सीएम ही हैक हो गए हैं।" उन्होंने आरोप लगाया कि पुनर्विकास के नाम पर लोगों को बेघर करने की साजिश की जा रही है और विकास होना चाहिए, लेकिन इसके नाम पर लोगों को बेघर नहीं किया जाना चाहिए।

कन्हैया ने शिंदे और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, "महाराष्ट्र में जो गद्दारी हुई है, उसका बदला लेने का वक्त आ गया है। जिस पर 70 हजार करोड़ का भ्रष्टाचार का आरोप है, उसी के पास फडणवीस गुलदस्ता लेकर पहुंच जाते हैं। पहले फडणवीस को उद्धव ठाकरे के साथ उपमुख्यमंत्री बनना मंजूर नहीं था, लेकिन शिंदे के साथ खुशी-खुशी यह पद स्वीकार कर लिया।"

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महाविकास अघाड़ी के जिन नेताओं को जेल भेजा गया था, अब वे भाजपा में शामिल होने के बाद जेल से बाहर हैं। उन्होंने गुजरात में फर्जी अदालतों का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि यह सरकार फिर से सत्ता में आई तो ऐसे कई फर्जी काम कर लोगों का नुकसान करेगी।

कन्हैया कुमार ने जनता से अपील की कि "गनेश यादव विधायक नहीं हैं, लेकिन वह आपके सुख-दुख में हमेशा खड़े रहते हैं। अब समय आ गया है कि उन्हें मेहनत का फल दिया जाए। ऐसे लोगों को वोट दें जिन्हें खरीदा नहीं जा सकता। गनेश यादव को वोट देकर गद्दारों को मुंहतोड़ जवाब दें।"


bottom of page